शहर-राज्य
अड़ींग नहर के समीप मजदूरों से भरा टेंपो खाई में पलटा, नौ घायल; चार मथुरा रेफर

मथुरा/गोवर्धन। मथुरा-गोवर्धन मार्ग पर अड़ींग नहर के समीप मंगलवार सुबह मजदूरों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में मध्य प्रदेश के रहने वाले नौ महिला-पुरुष मजदूर घायल हो गए। सभी मजदूर गोवर्धन क्षेत्र में रहकर मजदूरी करते हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब नौ बजे मजदूर सामान सहित टेंपो में सवार होकर मथुरा से गोवर्धन की ओर आ रहे थे। अड़ींग नहर के समीप अचानक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।



