ग़ाज़ियाबाद

आरकेजीआईटी में 19 एवं 20 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27

वेलकम इंडिया संवाददाता

गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गाजियाबाद में 19 एवं 20 नवंबर 2026 को डॉ. अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 (गाजियाबाद जोन) का आयोजन किया जा रहा है। आरकेजीआईटी की खेल सुविधाओं एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं को देखते हुए डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय ने  आरकेजीआईटी पर भरोसा जताते हुए लगातार दूसरी बार इस आयोजन की मेजबानी का अवसर प्रदान किया है। प्रतियोगिताओं के संचालन एवं मूल्यांकन के लिए सभी खेल अधिकारी अन्य संस्थानों से आएंगे।

खेल महोत्सव के अंतर्गत टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल, अनुशासन एवं टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे।

इस संबंध में एच.जी. गर्ग, डीन स्टूडेंट वेलफेयर ने आयोजन की रूपरेखा एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस दो दिवसीय खेल महोत्सव में लगभग 20 महाविद्यालयों के 1,200 से अधिक विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। 19 नवंबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में के.एस. सूद, पूर्व डीआईजी, सीमा सुरक्षा बल उपस्थित रहेंगे। श्री सूद को कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में वीरता के लिए राष्ट्रपति द्वारा गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया गया है। 77 वर्ष की आयु में उन्होंने अपनी दो बेटियों एवं पोती के साथ माउंट एवरेस्ट बेस कैंप तक ट्रेकिंग कर विश्व रिकॉर्ड बनाया तथा वर्ष 2025 में अन्नपूर्णा बेस कैंप तक ट्रेकिंग कर दूसरा विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। 20 नवंबर को आयोजित समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री ए. अनीता चानू, डिप्टी कमांडेंट, CRPF एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सुश्री गीता रानी, इंस्पेक्टर, CRPF एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता उपस्थित रहेंगी। इसके अतिरिक्त श्री एस.एस. घोष, जोनल स्पोर्ट्स ऑब्जर्वर भी उपस्थित रहेंगे। सुश्री ए. अनीता चानू ने कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियनशिप तथा SAF Games में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। वहीं, सुश्री गीता रानी ने वर्ष 2006 के मेलबर्न कॉमनवेल्थ गेम्स में भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्हें महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। समापन समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।संस्थान का उद्देश्य खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना विकसित करना है। यह आयोजन युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button