पाइपलाइन मार्ग पर रफ्तार का कहर, टक्कर लगते ही बाइक सवार कई फीट उछलकर गिरा
मुरादनगर। पाइपलाइन मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे में फरुखनगर निवासी धर्मपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीडि़त पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव फरुखनगर निवासी धर्मपाल सिंह बाइक से किसी काम के सिलसिले में रेवड़ी गांव जा रहे थे। जब वह पाइपलाइन मार्ग पर पुलिस चौकी के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही धर्मपाल सिंह बाइक से उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल धर्मपाल को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार चालक निशांत त्यागी निवासी गांव बहादरपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।


