होटल-रेस्टोरेंट में बैठे-बैठे मोबाइल ऐप से करें शिकायत, तुरंत पहुंचेगी जांच टीम
गाजियाबाद। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई की दुकान, बेकरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में खराब, बासी या दूषित भोजन परोसने वालों पर अब तत्काल कार्रवाई का रास्ता आसान हो गया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एक नया मोबाइल ऐप शुरू किया है, जिसके माध्यम से ग्राहक उसी समय और उसी स्थान से शिकायत दर्ज करा सकेंगे। अब खराब भोजन मिलने पर सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित क्षेत्र के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सूचना मिलेगी और विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू करेगी। नई व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को त्वरित राहत देना और खाद्य प्रतिष्ठानों की जवाबदेही सुनिश्चित करना है। अब यदि किसी होटल, रेस्टोरेंट, फास्ट फूड सेंटर, ढाबे, बेकरी या मिठाई की दुकान में भोजन की गुणवत्ता खराब मिले, एक्सपायरी उत्पाद परोसे जाएं, स्वच्छता के नियमों की अनदेखी हो या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया जाए, तो उपभोक्ता मोबाइल ऐप के जरिए कुछ ही मिनटों में शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत के साथ प्रतिष्ठान का नाम, पता, समस्या का विवरण और भोजन की फोटो भी अपलोड की जा सकेगी, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी होगी।
जिला अभिहित अधिकारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शिकायत मिलते ही संबंधित क्षेत्र के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सूचना भेज दी जाएगी, जिसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच करेगी। यदि जांच में अनियमितता या मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले शिकायत दर्ज कराने और जांच शुरू होने में समय लग जाता था, जिससे कई बार साक्ष्य नष्ट हो जाते थे और प्रभावी कार्रवाई में कठिनाई आती थी। अब घटना के समय ही सूचना मिलने से विभाग तुरंत मौके पर पहुंच सकेगा और आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित रखते हुए दोषी प्रतिष्ठानों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर सकेगा। इससे उपभोक्ताओं का भरोसा भी बढ़ेगा और खाद्य व्यवसायियों में नियमों के पालन के प्रति गंभीरता आएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार त्योहारों, विशेष आयोजनों और अवकाश के दिनों में बड़ी संख्या में लोग होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों का रुख करते हैं। ऐसे समय में अधिक मुनाफा कमाने के लिए कुछ प्रतिष्ठानों द्वारा मिलावट या निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ परोसने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब उपभोक्ता ऐसे मामलों की सूचना तुरंत मोबाइल ऐप के माध्यम से दे सकेंगे, जिससे विभाग मौके पर पहुंचकर जांच करेगा और दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। अधिकारियों का कहना है कि इस नई डिजिटल व्यवस्था से उन प्रतिष्ठानों पर भी निगरानी रखना आसान होगा, जिनके खिलाफ लगातार गुणवत्ता संबंधी शिकायतें मिलती हैं। इससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने में उपभोक्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ेगी और शहर में सुरक्षित, स्वच्छ तथा मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिलेगा।
