सीलिंग और ध्वस्तीकरण पर रोक की मांग, व्यापारियों ने भरी हुंकार

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा, आवासीय क्षेत्रों में व्यापार की अनुमति और उजड़े दुकानदारों के पुनर्वास की उठाई मांग
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। विकास प्राधिकरणों और आवास विकास परिषद की ओर से विकसित आवासीय कॉलोनियों में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नोटिस, सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों ने विरोध जताया है। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर कार्रवाई पर रोक लगाने और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्पष्ट कानून बनाने की मांग की। युवा विंग की जिलाध्यक्ष शैली शर्मा ने कहा कि अवैध निर्माण के लिए केवल भवन स्वामियों को जिम्मेदार ठहराने के बजाय संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि कई आवासीय कॉलोनियों में पर्याप्त व्यावसायिक बाजारों की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों ने अपने स्तर पर दुकानें और प्रतिष्ठान विकसित किए। इनसे स्थानीय लोगों को रोजगार और आसपास के निवासियों को जरूरी सामान व सेवाएं उपलब्ध होती हैं। व्यापारियों का कहना है कि वे कमर्शियल बिजली बिल, हाउस टैक्स, जीएसटी, आयकर सहित विभिन्न करों का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद उन्हें नोटिस और सीलिंग- ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।व्यापारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनदेखी या मिलीभगत के बिना लंबे समय तक निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होना संभव नहीं है। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के समक्ष सही तथ्यों को प्रस्तुत नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया। व्यापारियों ने मांग की कि पूरे मामले में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जाए और कार्रवाई में प्रभावित दुकानदारों के हितों का ध्यान रखा जाए।ज्ञापन के माध्यम से चार प्रमुख मांगें उठाई गईं। इनमें आवासीय क्षेत्रों में निर्धारित नियमों के तहत दुकान संचालन की कानूनी अनुमति, वर्षों से विकसित बाजारों और कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए नीति, ध्वस्त दुकानों के प्रभावित कारोबारियों का पुनर्वास तथा अवैध निर्माण के मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करना शामिल है।व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से जनहित और व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए ठोस नीति बनाने तथा सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।इस दौरान युवा विंग जिलाध्यक्ष शैली शर्मा, नाहिद खान, युवा जिला उपाध्यक्ष ऋषभ सिंह, नगर उपाध्यक्ष हरीश सिंह, साहिल अदनानी, नगर महामंत्री शहबाज अहमद और नगर कोषाध्यक्ष गौतम गौहा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।



