शहर-राज्य

सीएम से ग्राम पंचायत को नगरीय सुविधा दिलाने हेतु नगर पंचायत में सम्मिलित कराने की मांग

असदुल्लाह सिद्दीकी

उसका बाजार/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत कस्बा उसका बाजार के सटे बह रही कूड़ा नदी पर पुराने रेलवे पुल के उत्तर दिशा में आवागमन और व्यावसायिक गतिविधियों के मद्देनजर एक नया पुल बनाने की मांग जोर पकड़ने लगा है। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र सौंप कूड़ा नदी पर नया पुल बनाने की मांग की है। आशीष शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सर्वे कराकर नया पुल बनवाने का आश्वासन दिया है। आपको बता दें कि उसका बाजार के दोनों तरफ से बाईपास सड़क बन जाने से इसकी व्यवसायिक गतिविधियां सुस्त पड़ गई है। इससे सैकड़ों व्यापारियों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इस निराशा में वह पलायन करने को मजबूर हैं। बता दें कि इस बाजार का ऐतिहासिक महत्व रहा है, ब्रिटिश काल में उसका बाजार बड़ा व्यावसायिक केन्द्र था। यहां से अनाज, चमड़े और कपड़े का व्यापार होता था। वर्तमान में भी यहां से अनाज का व्यापार बड़े पैमाने पर होता है। इसके अलावा मच्छरदानी और कपड़े की खरीदारी के लिए भी दूर-दूर से व्यापारी यहां आते हैं। उसका बाजार के सटे ब्रिटिश काल में 1885 में बने रेलवे पुल से ट्रेन, बस व छोटे-बड़े व्यवसायिक वाहनों का आवागमन होता था, जो अब पूरी तरह से बन्द है। इस पुराने पुल पर केवल दुपहिया वाहन व पैदल ही आवागमन होता है। एक दशक पूर्व बड़ी रेलवे लाइन परिवर्तन के क्रम में बगल में नये पुल का निर्माण हुआ, जिस पर केवल ट्रेन ही गुजरती है। पुल बनने से इस ऐतिहासिक बाजार का अस्तित्व बचा रहेगा और व्यवसाय पुनः रफ्तार पकड़ लेगा। भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने नगर पंचायत उसका बाजार के सीमा विस्तार कर इसमें गंगाधरपुर, भिटिया, मेहदिया, पठानपुर, नवलपुर, केवटलिया, सुगही, लक्षनपुर और कोल्हुआ ग्राम पंचायत को नगरीय सुविधा दिलाने हेतु नगर पंचायत में सम्मिलित कराने की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button