सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक की तैयारी के निर्देश

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित गाजियाबाद कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण सहित सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल और निर्धारित मार्गों पर यातायात सुचारु रखने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित किए जाएं, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। भीड़ प्रबंधन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भी पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल और आसपास साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी आमजन को पहले से उपलब्ध कराई जाए, जिससे नागरिकों को असुविधा न हो। सभी अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा गया। बैठक में एडीसीपी राज करन नय्यर, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, सभी एडीएम, सीएमओ सहित पुलिस और प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



