वृहद रोजगार मेले तथा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का किया गया आयोजन, 412 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया

संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अन्तर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय संत कबीर नगर तथा हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद संत कबीर नगर के संयुक्त तत्वावधान में आज हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद संत कबीर नगर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले तथा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वृहद रोजगार मेले में लगभग 867 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया जिसमे से कुल 412 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया तथा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0 ब्रजेश त्रिपाठी ने कहा कि भारत विश्व के सबसे युवा देशों में से एक है। हमारी युवा आबादी देश की सबसे बड़ी शक्ति है। लेकिन केवल शैक्षणिक डिग्री प्राप्त कर लेना रोजगार की गारंटी नहीं है, आज रोजगार के लिए विषयगत ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल, तकनीकी दक्षता, संवाद क्षमता, अनुशासन, सकारात्मक दृष्टिकोण और निर्णय लेने की क्षमता भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि शैक्षिक महासंघ के संरक्षक प्रो0 विजय राय ने कहा कि आज का युग प्रतिस्पर्धा, तकनीकी विकास और वैश्वीकरण का युग है, इस दौर में युवाओं के सामने अवसरों की कमी नहीं है, बल्कि उन अवसरों को पहचानने, उनके अनुरूप स्वयं को तैयार करने और उनका लाभ उठाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्लेसमेंट से के संयोजक डॉ0 विजय कुमार मिश्र ने कहा कि रोजगार को केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित न रखें, बल्कि अपने भीतर उद्यमशीलता और रोजगार सृजन की भावना भी विकसित करें। आज स्टार्टअप, डिजिटल तकनीक, स्वरोजगार, कृषि आधारित उद्योग, सेवा क्षेत्र तथा विभिन्न नए व्यवसायों में असीम संभावनाएँ हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ विजय प्रकाश त्रिपाठी व धन्यवाद ज्ञापन जिला सेवा योजन अधिकारी माधवी उपाध्याय ने किया।
कार्यक्रम में डॉ0 नेहा सिंह, डॉ0 दीप्शी सिंह, डॉ0 श्रवण गुप्ता, विन्देश्वर सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण एवं अभ्यर्थीगण आदि उपस्थित रहे।



