डीएम ने राजीव भवन के कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, जनसुनवाई में लापरवाही न बरतने के निर्देश

मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मंगलवार को राजीव भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, अभिलेखों के रखरखाव और साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर जनसुनवाई सुनिश्चित करें। फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने राजीव भवन परिसर के कुछ हिस्सों में रंगाई-पुताई कराने, पार्क को हरा-भरा बनाने, उसके चारों ओर रेलिंग लगवाने तथा पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण फर्नीचर को निष्प्रयोज्य घोषित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजीव भवन के मुख्य द्वार पर संचालित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की प्रेरणा कैंटीन में चाय पी। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी 10 ब्लॉकों में प्रेरणा कैंटीन संचालित हैं। इसी मॉडल पर अस्पतालों में भी कैंटीन खुलवाने की कार्यवाही की जाएगी, जिससे लोगों को शुद्ध, स्वच्छ एवं पौष्टिक घरेलू भोजन उपलब्ध होने के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आय का स्रोत मिलेगा।



