बंटवारे के विवाद में पुलिस ने बुलाया था थाने, सुनीता का आरोप- थाने के अंदर ही काट दिया बाइक का चालान
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र की बालाजीपुरम चौकी से जुड़ा एक मामला सामने आया है। पारिवारिक बंटवारे के विवाद के सिलसिले में थाने पहुंची महिला की बाइक का चालान किए जाने का आरोप है।
महिला सुनीता के मुताबिक, परिवार में बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने बुलाया था। वह अपनी बाइक से थाने पहुंचीं। आरोप है कि थाने के अंदर ही बिना नंबर प्लेट होने के आधार पर उनकी बाइक का चालान कर दिया गया।
सुनीता का कहना है कि वह पुलिस के बुलावे पर अपनी फरियाद लेकर थाने गई थीं, लेकिन वहां उनकी बाइक का चालान कर दिया गया। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सवाल यह भी है कि जब महिला को पुलिस ने खुद थाने बुलाया था, तो क्या चालान करने से पहले उन्हें इसकी जानकारी दी गई थी, मामले में थाना हाईवे के संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की अपेक्षा है।



