ग़ाज़ियाबाद

संयुक्त अस्पताल में बनेगा आधुनिक नेत्र वार्ड व ऑपरेशन थिएटर, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत-प्रस्ताव शासन को भेजा, स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा निर्माण कार्य

गाजियाबाद। संजयनगर स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में नेत्र रोगियों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अस्पताल प्रशासन ने नेत्र रोगियों के लिए अलग वार्ड और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। वर्तमान में अस्पताल में नेत्र रोगियों के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। पूर्व में दूसरे तल पर संचालित नेत्र वार्ड को बाद में पीडियाट्रिक वार्ड में परिवर्तित कर दिया गया, जिसके बाद नेत्र वार्ड को भूतल पर स्थानांतरित किया गया। यहां केवल एक कमरे में छह बेड की व्यवस्था होने के कारण अधिकांश मरीजों को दूसरे तल पर मेडिकल वार्ड के आयुष्मान कक्ष में समायोजित करना पड़ रहा है। इस अस्थायी व्यवस्था के चलते मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में नेत्र सर्जरी कराने वाले मरीजों को ऑपरेशन के लिए भी इंतजार करना पड़ता है, क्योंकि अलग ऑपरेशन थिएटर उपलब्ध न होने से नेत्र सर्जनों को अन्य विभागों का ऑपरेशन थिएटर खाली होने का इंतजार करना पड़ता है। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने गायनी ऑपरेशन थिएटर के सामने दूसरी मंजिल पर नया नेत्र वार्ड और ऑपरेशन थिएटर बनाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को प्रस्तावित स्थान की नपाई कराते हुए निर्माण का एस्टीमेट भी तैयार कराया गया। संयुक्त अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि नेत्र वार्ड निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे आंखों के मरीजों को बेहतर उपचार, सुविधाजनक भर्ती व्यवस्था और समय पर ऑपरेशन की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि नई व्यवस्था शुरू होने के बाद नेत्र चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button