श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अभियान तेज, गढ़मुक्तेश्वर में 19 और बहादुरगढ़ में एक बुग्गी सीज

*वेलकम इंडिया हरेंद्र शर्मा वरिष्ठ*
हापुड़ जनपद के गढ़ गंगा कार्तिक मेला-2026 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मेला व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भैंसा दौड़ कराने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंसा दौड़ में शामिल कुल 20 बुग्गियों को हिरासत में लेकर सीज कर दिया। इस कार्रवाई से भैंसा दौड़ कराने वालों में खलबली मच गई।पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने अभियान के तहत भैंसा दौड़ करने वाली 19 बुग्गियों को पकड़कर सीज किया, जबकि थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने एक बुग्गी के खिलाफ कार्रवाई की। इस तरह दोनों थानों की पुलिस ने कुल 20 बुग्गियों को सीज किया है।गढ़ गंगा मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में भैंसा दौड़ जैसी गतिविधियों से श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित होने के साथ ही अव्यवस्था की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। पुलिस का उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखना है।हापुड़ पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मेले के दौरान भैंसा दौड़ या किसी भी तरह की अराजक गतिविधि में शामिल न हों। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेले की सुरक्षा और व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा


