लोनी विधायक को जान से मारने की धमकी का वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक के समर्थकों में रोष है। परमहंस विहार कॉलोनी निवासी ललित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लोनी निवासी हाजी सलमान नामक युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया है। इसमें विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। वीडियो में विधायक पर कई आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल कर सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि यह विवाद लोनी थाना क्षेत्र के रशीद अली गेट में सड़क से कार हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद बढ़ा। इस मामले में हिंदू संगठन के पदाधिकारी की ओर से आरोपी पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद आरोपी पक्ष की ओर से सोशल मीडिया पर लोनी विधायक और हिंदू संगठन के पदाधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। वहीं, हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर रशीद अली गेट के अंदर हनुमान चालीसा का पाठ करने की घोषणा की है। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। प्रभारी एसीपी अंकुर विहार राम किशन ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोनी का माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



