राहुल नगर-चंदिया हजारा मार्ग बना मुसीबत, पानी में डूबा आवागमन

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।तहसील क्षेत्र के राहुल नगर से चंदिया हजारा गांव को जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों जलभराव के चलते बदहाली का शिकार है। मार्ग पर करीब दो फीट तक पानी भरा होने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश और शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद हालात और अधिक खराब हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है।जलभराव इतना अधिक है कि कई स्थानों पर सड़क और आसपास के कच्चे रास्ते का अंतर तक स्पष्ट दिखाई नहीं देता। ऐसे में पैदल निकलने वाले ग्रामीणों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण कई वाहन रास्ते में फंस रहे हैं। ग्रामीणों को अपने जरूरी काम के लिए गांव से बाहर निकलने में काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है।सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है। बच्चों को इसी जलभराव वाले रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। कई ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान मार्ग की स्थिति हर वर्ष खराब हो जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग क्षेत्र के कई गांवों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति सुधारने और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की ओर जिम्मेदार विभाग द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर पानी निकासी की व्यवस्था कराने तथा मार्ग को ऊंचा और दुरुस्त कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तत्काल प्रभाव से राहत एवं स्थायी समाधान कराने की मांग की है।



