बच्चों की सुरक्षा को प्राइमरी स्कूल के जर्जर भवन पर चला बुलडोजर

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर, पीलीभीत। बच्चों की सुरक्षा को लेकर कलीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम बंगला उर्फ मित्रसेन के जर्जर कंपोजिट स्कूल भवन पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। बताया गया कि जर्जर भवन कभी भी किसी हादसे का सबव बन सकता था, इसीलिए गांव के प्रशासक की मौजूदगी में उसे गिरा दिया गया है। ग्राम प्रशासक पूनम वर्मा, उनके पति बृजेश कुमार और ग्राम पंचायत सचिव विजय पासवान ने बिल्डिंग ध्वस्त करने का प्रस्ताव दिया था। बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है। विद्यालय परिसर में बने कुछ पुराने और जर्जर कमरों को बुलडोजर की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है। यह कमरे इतने खस्ताहाल स्थिति में थे कि इनसे हर समय किसी अप्रिय घटना या बड़े हादसे का डर बना रहता था। बताते चलें कि हाल ही में पीलीभीत के बीसलपुर में एक विद्यालय का टीनशेड अचानक गिर जाने से बच्चे हादसे का शिकार हो गए थे। इस घटना के बाद से ही जिला प्रशासन हरकत में आया और पूरे जिले के सरकारी विद्यालयों में मौजूद जर्जर भवनों, असुरक्षित दीवारों और टीनशेडों को चिन्हित कर हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया। इस स्कूल के खतरनाक कमरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कराया गया, ताकि स्कूल आने वाले मासूम बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सके। नौनिहालों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समय रहते उठाए गए इस कदम के लिए इस पहल की स्थानीय लोगों और अभिभावकों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।



