राधाष्टमी पर गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में जाम, डीग अड्डा पर यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

मनोज शर्मा/वेलकम इंडिया
मथुरा/गोवर्धन। राधाष्टमी पर्व पर गिरिराज महाराज की परिक्रमा लगाने के लिए उमड़े श्रद्धालुओं के चलते शुक्रवार को गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सबसे अधिक जाम की स्थिति डीग अड्डा पर बनी। वाहनों की लंबी कतारों के चलते श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस दौरान डीग अड्डा पर अंदरूनी क्षेत्र में प्रवेश के लिए आधार कार्ड अथवा आईडी दिखाने वाले स्थानीय लोगों को भी प्रवेश नहीं दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक ओर आईडी दिखाने के बावजूद उन्हें रोका जा रहा था, वहीं दूसरी ओर हरियाणा और दिल्ली नंबर की गाड़ियों को डीग अड्डा से अंदर प्रवेश दिया जा रहा था। इससे मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस प्वाइंट पर पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन इसके बावजूद वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित नहीं हो सकी। बाहर से आने वाले वाहनों के प्रवेश और ई-रिक्शा व अन्य वाहनों की आवाजाही के कारण डीग अड्डा पर जाम की स्थिति लगातार बनी रही। जाम में फंसे श्रद्धालुओं को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी।
स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था में एकरूपता बरतने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि किसी मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है तो उसका पालन सभी वाहनों पर समान रूप से होना चाहिए। राधाष्टमी जैसे बड़े पर्व पर पुलिस प्रशासन को प्रमुख प्रवेश प्वाइंटों पर स्पष्ट व्यवस्था और प्रभावी यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करना चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।



