ग़ाज़ियाबाद

मोदीनगर के फफराना क्षेत्र में बिना स्वीकृति विकसित हो रही कॉलोनी पर चला बुलडोजर

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम फफराना में लगभग 26 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में यह कार्रवाई संपन्न की गई। जांच के दौरान पाया गया कि खसरा संख्या 379 व 380 ग्राम फफराना में लगभग 8000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में रिछपाल सिंह एवं रनवीर सिंह द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसी प्रकार खसरा संख्या 354 में लगभग 10000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में रविकरण तथा राजेन्द्र द्वारा बिना स्वीकृति कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसके अतिरिक्त श्यामसिटी फफराना रोड पर करीब 8000 वर्गमीटर क्षेत्र में पूर्व स्वीकृत कॉलोनी के नाम पर अवैध विस्तार किया जा रहा था। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार संबंधित कॉलोनाइजरों द्वारा कॉलोनी विकास के लिए कोई वैध स्वीकृति अभिलेख या अनुमोदित मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। स्थल पर अनधिकृत रूप से सड़क निर्माण, बाउंड्रीवाल, साइट कार्यालय और अन्य संरचनाएं विकसित कर भूखंडों का विभाजन किया जा रहा था। अवैध निर्माण की पुष्टि होने पर प्राधिकरण की टीम ने तत्काल ध्वस्तीकरण अभियान चलाते हुए कॉलोनाइजर द्वारा निर्मित सड़कें, बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस और अन्य अवैध ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस बल एवं प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में अभियान प्रभावी ढंग से पूरा किया गया। ध्वस्तीकरण के समय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल तथा प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध निर्माण पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button