राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी की राह साफ, इसी सप्ताह जारी होगा भूमि अधिग्रहण नोटिफिकेशन
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित एयरोसिटी को धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) इसी सप्ताह भूमि अधिग्रहण का नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी में है। इसके बाद जमीन मालिकों से नियमानुसार आपत्तियां और सुझाव लिए जाएंगे। प्राधिकरण बोर्ड पहले ही परियोजना के लिए जमीन जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे चुका है। एयरोसिटी के लिए मोरटी, अटौर और मेवला अगरी गांवों की करीब 200 हेक्टेयर जमीन जुटाई जानी है। इस पर लगभग 2812 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जीडीए की प्राथमिकता लैंड पूलिंग के जरिए जमीन लेने की है। इसके लिए किसानों से सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। सहमति नहीं बनने की स्थिति में जमीन जुटाने के अन्य निर्धारित विकल्पों पर आगे बढ़ा जाएगा। प्रस्तावित एयरोसिटी को आधुनिक व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां कॉमर्शियल हब के साथ होटल, कार्यालय और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को भी एयरोसिटी क्षेत्र से जोड़ा गया है। परियोजना के पूरा होने से राजनगर एक्सटेंशन और आसपास के गांवों में आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जीडीए ने जमीन लेने के लिए दरें भी प्रस्तावित की हैं। अटौर में 14,520 रुपये, मोरटी में 17,400 रुपये और मेवला अगरी में 3,200 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर तय की गई है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि एयरोसिटी के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी।



