ग़ाज़ियाबाद

फिजियोथेरेपी में करियर की नई राह, नवप्रवेशित छात्रों को मिला सफलता का मंत्र-विशेषज्ञ ने आधुनिक उपचार पद्धतियों और रोजगार के अवसरों की दी जानकारी

गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आईटीएस फिजियोथेरेपी कॉलेज, मुरादनगर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दूसरे दिन बीपीटी के 22वें बैच के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों, आधुनिक उपचार पद्धतियों तथा सफल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम में आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन श्री अर्पित चड्ढा ने मुख्य अतिथि डॉ. जयप्रकाश जयवेलु, मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट एवं विभागाध्यक्ष, अपोलो हॉस्पिटल, गुरुग्राम का स्वागत किया। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को नए शैक्षिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एम. थंगराज एवं मुख्य अतिथि डॉ. जयप्रकाश जयवेलु ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य डॉ. एम. थंगराज ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अपने निर्धारित लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने, नियमित अध्ययन करने और संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे शैक्षणिक एवं नैदानिक अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक और क्लीनिकल व्यवस्था की जानकारी भी दी। मुख्य अतिथि डॉ. जयप्रकाश जयवेलु ने फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सफल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि निरंतर सीखना, व्यावहारिक एवं नैदानिक अनुभव प्राप्त करना और मरीजों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण रखना भी आवश्यक है। संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञ से अपने प्रश्न पूछे और करियर से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा के निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button