Uncategorized

उजियार के लाल बने संतकबीरनगर के यूथ अवॉर्डी 

रिज़वान मुनीर को विवेकानंद यूथ अवॉर्ड मिलने पर जिले में खुशी की लहर

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय समारोह में एक लाख रुपए का चेक व अवॉर्ड देकर किया सम्मानित ।

सन्त कबीर नगर

जनपद के उजियार क्षेत्र के रहने वाले युवा सामाजिक कार्यकर्ता रिज़वान मुनीर ने संतकबीरनगर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। उन्हें राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने की घोषणा होते ही जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित युवा दिवस के भव्य समारोह में एक लाख रुपए ट्रॉफी मोमेंटो,साल व प्रमाण पत्र देकर मुख्यमंत्री जी द्वारा सम्मानित किए जाने से जनपदवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

रिज़वान मुनीर लम्बे समय से विकास खंड सेमरियावा के तप्पा उजियार क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष, प्रशासनिक स्तर पर संवाद और समाधान की पहल ने उन्हें एक सशक्त युवा नेतृत्व के रूप में स्थापित किया है। उनके कार्यों को देखते हुए स्थानीय लोग इस सम्मान को पूरे संतकबीरनगर के लिए गौरव की बात बता रहे हैं।

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में रिज़वान मुनीर का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत अब तक जनपद में 12 हजार से अधिक पौधे लगवाकर हरित संदेश दिया है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।

युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े जागरूकता एवं मार्गदर्शन शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, जल संरक्षण, नशा मुक्ति अभियान और मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें युवाओं का रोल मॉडल बना दिया है। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में युवा सामाजिक कार्यों से जुड़कर सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़े हैं।

उजियार क्षेत्र सहित पूरे जनपद के लोगों का कहना है कि रिज़वान मुनीर को मिला प्रदेश स्तरीय विवेकानंद यूथ अवॉर्ड संत कबीर नगर के सामाजिक कार्यों को नई पहचान देगा। स्थानीय युवाओं ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत, ईमानदारी और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देता रहेगा।।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button