ग़ाज़ियाबाद

विधायक ने आवास विकास अधिकारियों संग बनाई कार्ययोजना

गाजियाबाद। क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से विधायक संजीव शर्मा ने गुरुवार को आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता अजय मित्तल से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में क्षेत्रीय आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया। मुलाकात के दौरान नालियों के निर्माण एवं सफाई व्यवस्था, सड़कों के निर्माण और मरम्मत, पार्कों के रखरखाव तथा प्रमुख चौराहों के सौंदर्यकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में बढ़ती आबादी को देखते हुए सड़कों के चौड़ीकरण और समग्र विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर बल दिया, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने बताया कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को लगातार प्रशासन के समक्ष उठाया जा रहा है और जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विकास कार्यों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाएगी, जिससे योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द आम जनता तक पहुंचे। बैठक को क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी समय में क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button