महिला जनसुनवाई में पहुंचे 13 मामले, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

वेलकम इण्डिया/ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) डॉ. बबीता सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई एवं जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जनसुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और छेड़छाड़ से संबंधित कुल 13 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। आयोग अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को दोनों पक्षों को सुनकर मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने महिला सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम, आयुष्मान कार्ड, कन्या सुमंगला योजना, बाल विवाह रोकथाम तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, बालिकाओं की शिक्षा और महिला शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद डॉ. चौहान ने माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर मरीजों का हालचाल जाना तथा साफ-सफाई और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश दिए। यहां बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कन्या जन्मोत्सव, गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। दोपहर बाद उन्होंने जिला कारागार का निरीक्षण किया और महिला बंदियों से संवाद कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान महिला बैरक, पाकशाला, शौचालय और प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए बंदियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




