मसालों की गुणवत्ता जांच को लेकर खाद्य विभाग की छापेमारी, चार नमूने भरे

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। मसालों की गुणवत्ता की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर चार नमूने संग्रहित किए। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देश पर की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय आर.एल. यादव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के सचल दल ने सुभाषनगर, शोहरतगढ़ स्थित एक प्रतिष्ठान से गोल्डी ब्रांड हल्दी पाउडर का नमूना लिया। वहीं तेतरी बाजार, नौगढ़ से कैच ब्रांड सब्जी मसाला तथा इंदिरा नगर, बांसी से आर.एल. ब्रांड लाल मिर्च पाउडर और गर्नी ब्रांड हल्दी पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया।
अभियान के दौरान कुल चार नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय आर.एल. यादव के अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरालाल और नीरज कुमार चौधरी शामिल रहे।



