मध्य पूर्व तनाव के बीच गाजियाबाद में ईंधन आपूर्ति सामान्य -कालाबाजारी और अवैध स्टॉकिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

गाजियाबाद। मध्य पूर्व क्षेत्र में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते ईंधन आपूर्ति को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। शुक्रवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सभी पेट्रोल पंपों पर आम दिनों की तरह ईंधन की निर्बाध आपूर्ति जारी रही और वाहन चालक बिना किसी परेशानी के पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए।
जिला प्रशासन के अनुसार जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आरडीसी स्थित पेट्रोल पंप सहित पुराना बस अड्डा, लोहिया नगर, नंदग्राम, लोनी और मोदीनगर के पंपों पर पूरे दिन सामान्य स्थिति रही। हालांकि कुछ स्थानों पर लोगों ने संभावित संकट की आशंका के चलते एहतियातन अतिरिक्त ईंधन लेने का प्रयास किया, लेकिन कहीं भी अफरातफरी जैसी स्थिति नहीं देखी गई। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने गुरुवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईंधन का अनाधिकृत भंडारण करने या कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पेट्रोल पंपों से खुले में ईंधन देने पर पूरी तरह रोक लागू रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे। अधिकारियों का कहना है कि नियमित निगरानी और पर्याप्त स्टॉक के कारण जिले में ईंधन संकट की कोई संभावना नहीं है।



