मतदाता सूची में नाम जोडऩे के लिए 17 नवंबर से चलेगा विशेष अभियान-डीएम ने बीएलओ को दिए चार मंत्र, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम प्राथमिकता से जुड़वाए जाएंगे

गाजियाबाद। जिले में मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत 17 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बृहस्पतिवार को बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्वाचन कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष के होने वाले सभी युवाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए जाएं। आईटीएस मोहन नगर में साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र तथा हिंदी भवन, लोहिया नगर में गाजियाबाद और मुरादनगर विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें डीएम ने बीएलओ, सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में नए नाम जोडऩे के साथ गलतियों को सुधारना भी प्राथमिकता है। अन्य राज्यों और जिलों के ऐसे नागरिक, जो नियमानुसार गाजियाबाद में मतदाता बनने के पात्र हैं, उनके भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्राप्त किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। इस अभियान में राशन विक्रेताओं, स्कूल-कॉलेजों के प्रधानाचार्यों, औद्योगिक संगठनों और आरडब्ल्यूए का भी सहयोग लिया जाएगा। डीएम ने बताया कि 17 से 30 नवंबर तक चलने वाले अभियान के दौरान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर मौजूद रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेंगे। अन्य कार्यदिवसों में उन्हें घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन और नए पात्र मतदाताओं के आवेदन कराने होंगे। बीएलओ के लिए प्रतिदिन लगभग 35 घरों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन उन्हें प्रतिदिन 50 घरों तक पहुंचने का प्रयास करने को कहा गया है। डीएम ने निर्वाचन कार्यों को बेहतर बनाने के लिए बीएलओ को चार मंत्र दिए। पहला, सभी बीएलओ को बीएलओ ऐप का सही संचालन आना चाहिए। दूसरा, बीएलओ रजिस्टर में सभी प्रविष्टियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सही ढंग से पूरी की जाएं। तीसरा, प्रतिदिन अधिक से अधिक घरों तक पहुंचकर पात्र मतदाताओं की पहचान की जाए। चौथा, निर्धारित समयसीमा में पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि केवल आधार कार्ड उपलब्ध होने पर भी पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन के साथ पासपोर्ट आकार का फोटो देना होगा। डीएम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।


