मधुमेह से बचाव का संदेश लेकर 15 नवंबर को राजनगर में निकलेगी राहगीरी

गाजियाबाद। विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से 15 नवंबर को राजनगर में भव्य राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को मधुमेह से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना है। रविवार को सुबह सात से 11 बजे तक सेंट्रल पार्क के सामने वाली सड़क पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में आईएमए की चिकित्सकों की टीम के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी भाग लेंगे। इस दौरान लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ मनोरंजक और फिटनेस गतिविधियों का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मधुमेह रोगियों के लिए आंखों के पर्दे की जांच, नसों की जांच और तीन माह के औसत रक्त शर्करा स्तर की जांच (एचबीए1सी) की जाएगी। इसके अलावा सभी नागरिकों के लिए हड्डियों की मजबूती की जांच, रक्त शर्करा, रक्तचाप, दांतों और त्वचा की जांच की सुविधा मिलेगी। लिवर की स्थिति जानने के लिए विशेष फाइब्रोस्कैन जांच भी की जाएगी। स्वास्थ्य जागरूकता के तहत आपातकालीन स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए हृदय और सांस संबंधी पुनर्जीवन (सीपीआर) का प्रशिक्षण दिया जाएगा। महिलाओं को स्तन की स्वयं जांच करने की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा तनावमुक्त जीवनशैली और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर विशेषज्ञों की ओर से जागरूकता सत्र आयोजित होंगे। कार्यक्रम में योग, जुंबा, एरोबिक्स, रस्सी कूद और हुला हूप जैसी गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक और सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियां भी होंगी। बच्चों और युवाओं के लिए मधुमेह विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता, मनोरंजक खेल और नृत्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आईएमए की ओर से बताया गया कि पिछले वर्ष पहली बार राहगीरी की शुरुआत की गई थी, जिसे लोगों का अच्छा उत्साह और समर्थन मिला। इस वर्ष इसे और व्यापक रूप दिया जा रहा है। डॉ. प्रहलाद चावला ने कार्यक्रम की शुरुआत और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आईएमए की पूर्व अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल का विशेष आभार जताया। आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार सहित पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और जागरूकता गतिविधियों का लाभ उठाने की अपील की है।


