ग़ाज़ियाबाद

छठ पूजा पर जगमगाएंगे शहर के घाट, शुद्ध गंगाजल से लेकर सुरक्षा तक के होंगे पुख्ता इंतजाम

गाजियाबाद। छठ पूजा को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में शहर के प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है। इस बार पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध गंगाजल, स्वच्छ घाट, स्नानघर, शौचालय और पर्याप्त रोशनी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। हिंडन नदी सहित शहर के करीब 75 से 80 स्थानों पर छठ पूजा की तैयारियां की जा रही हैं। नगर निगम की ओर से हिंडन घाट पर शुद्ध गंगाजल और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पानी की लाइन बिछाई जा रही है। इसके साथ ही घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, सफाई और आसपास के क्षेत्रों को व्यवस्थित करने का काम शुरू कर दिया गया है। घाटों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाने के साथ पेड़ों की धुलाई और छंटाई भी कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और आकर्षक वातावरण मिल सके। छठ पूजा की तैयारियों को लेकर नगर निगम के निर्माण, स्वास्थ्य और प्रकाश विभाग को सक्रिय कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं। घाटों पर स्नानघर और शौचालय की व्यवस्था के साथ पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था भी की जाएगी। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पूजा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी घाटों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा सके।नगर निगम क्षेत्र में हिंडन नदी के घाट समेत करीब 75 से 80 स्थानों पर छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं। प्रत्येक स्थान पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेकर आवश्यकतानुसार काम कराया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि घाटों पर साफ-सफाई, पानी और रोशनी की व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। पूजा से पहले सभी तैयारियों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी छठ पूजा की तैयारियां समय से शुरू करा दी गई हैं। घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का काम जल्द पूरा कराया जाएगा। शहर के सभी छठ घाटों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि पूजा के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें। उन्होंने कहा कि छठ पूजा भव्यता और धूमधाम से मनाई जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। यदि किसी घाट पर अतिरिक्त व्यवस्था की आवश्यकता होगी तो उसे भी समय रहते पूरा कराया जाएगा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूजा की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button