शहर-राज्य

भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्व-गणना (Self-Enumeration) अवधि के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा की जाने वाली गतिविधियों के बारे में दिए गए विस्तृत दिशा-निर्देश

संतकबीरनगर। भारत की जनगणना-2027 के अन्तर्गत दिनांक 16 नवंबर 2026 से प्रारम्भ होने वाले स्व-गणना (Self-Enumeration) कार्य एवं दिनांक 01 दिसंबर 2026 से प्रारम्भ होने वाले जनसंख्या गणना कार्य की तैयारियों, कार्य-योजना एवं प्रगति की समीक्षा के सम्बन्ध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश व मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में स्व-गणना (Self-Enumeration) अवधि (दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक) के दौरान जनपद के विभिन्न विभागों के माध्यम से स्व-गणना कार्य को यथार्थता के साथ संपन्न कराए जाने हेतु आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के बारे में तिथिवार जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जनगणना-2027 के द्वितीय एवं अंतिम चरण अर्थात् जनसंख्या गणना को निर्धारित अवधि में सम्पन्न कराए जाने हेतु निर्देश दिये गये। उक्त के अनुसार जनपद में दिनांक 16 नवम्बर, 2026 से 30 नवम्बर, 2026 तक की अवधि में स्व-गणना तथा 01 दिसम्बर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 तक घर-घर जनसंख्या की गणना की जाएगी। 

स्वगणना किए जाने हेतु निर्धारित तिथि/टाइम लाईन के अनुसार स्व-गणना (Self-Enumeration) के पहले दिन दिनांक 16 नवंबर 2026 को राजस्व एवं प्रशासन दिवस के विशेष तिथि/थीम पर सभी विभाग/कार्यालयों के प्रमुख स्वयं अपना विवरण और अपनी स्वगणना से संबंधित जानकारी स्टेटस के रूप में शेयर करेंगे। इसी प्रकार दिनांक 17 नवंबर को स्थानीय शासन दिवस/ग्रामीण विकास दिवस, दिनांक 18 नवंबर को युवा एवं खेल दिवस/सामुदायिक संस्थान/मीडिया दिवस, दिनांक 19 नवंबर को जिले में रहने वाले पद्म पुरस्कार विजेता/निवासी कल्याण संघ/उच्च घनत्व वाले शहरी समूह, दिनांक 20 नवंबर को न्यायिक दिवस, दिनांक 21 नवंबर को वर्दी धारी सेना दिवस, दिनांक 22 नवंबर को केंद्रीय सरकारी कार्यालय दिवस/वित्त दिवस, दिनांक 23 नवंबर को शिक्षक दिवस, दिनांक 24 नवंबर को स्वास्थ्य दिवस, दिनांक 25 नवंबर को उद्योग एवं परिवहन दिवस, दिनांक 26 नवंबर को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस, दिनांक 27 नवंबर को डिजिटल एक्सेस सपोर्ट दिवस, दिनांक 28 नवंबर को घर से काम करने का दिवस (वर्क फ्रॉम होम) एवं दिनांक 29 नवंबर 2026 को गौरव दिवस के रूप में आयोजित कर संबंधित विभागों/कार्यालयों/प्रतिष्ठानों/शिक्षण संस्थाओं/वित्तीय संस्थानों/न्यायालयों सहित समस्त संबंधित अपना एवं अपने अधीनस्थ कार्मिकों सहित नागरिकों के स्व-गणना (Self-Enumeration) का कार्य संपन्न कराए जाने हेतु दिशा-निर्देश दिए गए।

जनगणना का दूसरा चरण 16 नवंबर 2026 से आरंभ हो रहा है जिसमें जनसंख्या/व्यक्तियों की गणना/चिन्ह्यांकन का कार्य किया जाएगा। दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक‌ स्व-गणना (Self-Enumeration) का कार्य किया जाएगा जिसमें सभी जनपदवासी जनगणना के पोर्टल https://se.census.gov.in पर लॉगिन कर अपनी और अपने परिवार की स्व-गणना स्वयं कर सकते हैं। स्व-गणना की प्रक्रिया में दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना करने की अवधि में स्व-गणना के पोर्टल/वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाएं, अपना राज्य चुनें और कैप्चा भरें, परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें और प्राप्त ओटीपी (OTP) से सत्यापन करें। अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें, डिजिटल मैप पर अपने घर का सही स्थान और लैंडमार्क चिह्नित करें, परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित जानकारी व प्रश्नावली भरें और फॉर्म को अंत में सबमिट कर दें।

सबमिशन के बाद 11 अंकों की एक ‘SE ID’ प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखें और जब जनगणना अधिकारी (Enumerator) आपके घर आएं, तो उन्हें यह आईडी दिखाएं।

स्व-गणना की प्रक्रिया दौरान पोर्टल पर व्यक्ति की पहचान, शिक्षा, भाषा, रोजगार, जन्म सहित अन्य जानकारियों से संबंधित कुल 40 प्रश्नों को शामिल किया गया है जिसका यथोचित विकल्प प्रत्येक नागरिक को चुनना होगा।

उल्लेखनीय है कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों व घरों की गणना व चिन्हांकन का कार्य किया गया था। प्रथम चरण के बाद अब द्वितीय चरण यानी वास्तविक जनसंख्या गणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें प्रत्येक परिवार और व्यक्ति की सही जानकारी/डाटा दर्ज की जानी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button