शहर-राज्य

बरेली में फर्जी खाद्य अधिकारी बनकर वसूली का खेल, रिटायर्ड तहसीलदार समेत चार गिरफ्तार; PCS स्टीकर लगी कार सीज

बरेली। सरकारी अधिकारी होने का रौब दिखाकर दुकानदारों से रुपये ऐंठने का कथित खेल आंवला में सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग का अधिकारी बनकर मिठाई की दुकान पर पहुंचे चार लोगों ने मिलावट की शिकायत और सैंपलिंग की कार्रवाई का डर दिखाया। आरोप है कि दुकानदार से 10 हजार रुपये मांगे गए और दबाव बनाकर दो हजार रुपये वसूल लिए गए। हालांकि, दुकानदार को शक हुआ तो राहगीरों की मदद से चारों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना 17 नवंबर की बताई जा रही है। आंवला निवासी अजय कुमार गुप्ता की मिठाई की दुकान पर सफेद रंग की अर्टिगा कार से चार लोग पहुंचे थे। कार पर PCS का स्टीकर लगा था और उसमें हूटर व सायरन भी लगे हुए थे। आरोपियों ने खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताते हुए दुकान में मिलावटी मिठाई बेचे जाने की शिकायत मिलने की बात कही। इसके बाद सैंपल भरने और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर कथित तौर पर पैसों की मांग की।

शक होते ही दुकानदार ने दिखाई सूझबूझ

दुकानदार को चारों की गतिविधियों और बातचीत पर संदेह हुआ। उसने आसपास मौजूद लोगों को जानकारी दी। इसके बाद राहगीरों की मदद से चारों को कार समेत रोक लिया गया और रामनगर पुलिस चौकी को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

गिरफ्तार आरोपियों में 75 वर्षीय रिटायर्ड तहसीलदार

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में राजीव उपाध्याय (75), निवासी सर्वोदय नगर, सुभाषनगर शामिल हैं। वह पूर्व में तहसीलदार रह चुके हैं। उनके साथ मुकेश यादव (40), सुनीत कुमार उपाध्याय (45) और रजनेश (28) को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों बरेली के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।

एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं गंभीर मुकदमे

पुलिस के अनुसार, मुकेश यादव के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 और 2025 में भी उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

नकदी, मोबाइल और फर्जी पहचान के सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दुकानदार से वसूले गए दो हजार रुपये, तीन मोबाइल फोन और दो आधार कार्ड बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार को भी सीज कर दिया गया है। कार पर लगा PCS स्टीकर और हूटर-सायरन भी पुलिस की कार्रवाई के दायरे में आए हैं।

पीड़ित की लिखित शिकायत पर आंवला थाने में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया है।

सरकारी विभागों के नाम और अधिकारियों की पहचान का इस्तेमाल कर आम लोगों को डराकर वसूली करने के इस मामले ने एक बार फिर फर्जी अधिकारियों से सतर्क रहने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button