शहर-राज्य

पुलिस भर्ती दौड़ और एसएससी सीजीएल  की तिथियां टकराईं

एक अभ्यर्थी के सामने दो परीक्षाओं में से एक छोड़ने का संकट, युवाओं ने तिथियों में समन्वय की मांग की

मथुरा । यूपी पुलिस भर्ती की दौड़ परीक्षा और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) परीक्षा की तिथियों में टकराव से दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है। एसएससी सीजीएल परीक्षा 30 सितंबर से 30 अक्टूबर तक प्रस्तावित है, जबकि यूपी पुलिस भर्ती की दौड़ प्रक्रिया 28 सितंबर से चार अक्टूबर तक निर्धारित है।

दोनों भर्तियों के लिए आवेदन करने वाले कई अभ्यर्थियों के सामने अब एक परीक्षा से वंचित होने की स्थिति बन रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने दोनों परीक्षाओं की तैयारी के लिए महीनों मेहनत की है और आवेदन शुल्क भी जमा किया है। ऐसे में तिथियों के टकराव से उनकी मेहनत और परीक्षा का अवसर प्रभावित हो सकता है।

अभ्यर्थियों के अनुसार, कुछ अभ्यर्थियों को 30 सितंबर की सीजीएल परीक्षा तिथि मिली है। इसी अवधि में यूपी पुलिस भर्ती की दौड़ प्रक्रिया भी जारी रहेगी। यदि किसी अभ्यर्थी की दौड़ और सीजीएल परीक्षा एक ही दिन पड़ती है तो उसके सामने किसी एक परीक्षा को छोड़ने के अलावा विकल्प नहीं रहेगा।

परीक्षार्थियों ने शासन और प्रशासन से दोनों परीक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय कर तिथियों के टकराव की समस्या दूर करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि संभव हो तो पुलिस भर्ती की दौड़ प्रक्रिया की तिथि में बदलाव अथवा सीजीएल परीक्षा की तिथियों में आवश्यक समायोजन किया जाए, ताकि दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी किसी एक अवसर से वंचित न हों।

अभ्यर्थियों ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री से भी मामले में हस्तक्षेप कर परीक्षा तिथियों के टकराव का समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि परीक्षा एजेंसियों के स्तर पर समन्वय से प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत मिल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button