पुलिस ने चोरी की चार बाइकों के साथ तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

वेलकम इंडिया संवाददाता
मोदीनगर। मोदीनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटर साइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों में से तीन के संबंध में मोदीनगर और निवाड़ी थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं, जबकि चौथी मोटरसाइकिल के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि रविवार को थाना मोदीनगर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाहन चोरी से जुड़े संदिग्धों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोदीनगर के इंद्रापुरी निवासी अनुज, डिडौली गांव निवासी ध्रुव त्यागी और त्रिमूर्ति विहार जलालपुर रोड निवासी दीपक उर्फ दीपेंद्र के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइकों को छिपाकर रखा जाता था और मौका मिलने पर उन्हें बेचने की तैयारी थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की मोटर साइकिलों को बेचने की फिराक में थे, तभी चेकिंग के दौरान पकड़े गए। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो अन्य आरोपियों राज उर्फ राजेश निवासी मुरादनगर और अजगर उर्फ रोहित निवासी डिकोली, बागपत की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।



