शहर-राज्य

धनगढ़िया गौशाला की अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

  • चारा-पानी और साफ-सफाई को लेकर ग्रामीणों ने जताई चिन्ता

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

जोगिया/सिद्धार्थनगर।योगी सरकार की ओर से गौवंशों के संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन सिद्धार्थनगर के जोगिया विकास खण्ड अंन्तर्गत धनगढ़िया स्थित वृहद गौ संरक्षण केन्द्र-3 में व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गये हैं। गौशाला में गौवंशों की हालत खराब होने और समुचित देखभाल के अभाव में कुछ गौवंशों की मौत की बात सामने आयी है। स्थानीय स्तर पर सामने आई तस्वीरों और मिली जानकारी के अनुसार गौशाला में गौवंशों के लिए चारा-पानी, साफ-सफाई और सुरक्षित रख-रखाव जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर स्थिति सन्तोषजनक नहीं बताई जा रही है। कई गौवंशों की हालत खराब होने की बात कही जा रही है। इससे गौ संरक्षण केंन्द्र के संचालन और वहां की व्यवस्थाओं की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। धनगढ़िया गौशाला को लेकर पूर्व में भी अव्यवस्थाओं के आरोप सामने आते रहे हैं। इसके बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं होने से जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गौशाला का नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा हो तो गौवंशों को बेहतर संरक्षण मिल सकता है। मामले को लेकर जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर से सम्पर्क किया गया। उनके स्टेनो ने बताया कि प्रकरण को दिखवाकर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। वहीं जिला विकास अधिकारी ने भी मामले को गम्भीरता से लेते हुए जांच कर कार्रवाई की बात कही। उन्होंने बताया कि सम्बंन्धित खण्ड विकास अधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए स्पष्टीकरण मांगा जायेगा। अब देखना यह है कि जांच के बाद गौशाला की व्यवस्थाओं में क्या सुधार किया जाता है और गौवंशों की देखभाल में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button