ग़ाज़ियाबादशहर-राज्य

दिव्यांगजनों के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, 21 मई को विशेष रोजगार मेला-गाजियाबाद सहित अन्य जनपदों के दिव्यांगजन भी कर सकेंगे सहभागिता

गाजियाबाद। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 21 मई को शास्त्री नगर स्थित विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन में विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सीधे निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनी स्पार्क मिंडा द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। चयनित अभ्यर्थियों को ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी के औद्योगिक केंद्र में रोजगार प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों के लिए यह रोजगार मेला लंबे समय से प्रतीक्षित अवसर है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता दसवीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। इच्छुक दिव्यांगजन प्रात: 10 बजे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार स्थल पर उपस्थित होकर साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल और कार्य अनुभव के आधार पर चयन किया जाएगा। अंशुल चौहान के अनुसार चयनित दिव्यांगजनों को प्रतिमाह 13 हजार रुपये से 25 हजार रुपये तक वेतन प्रदान किया जाएगा। अधिक शैक्षिक योग्यता एवं अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को बेहतर वेतनमान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से अनेक दिव्यांगजन रोजगार की तलाश में अपने जीवनवृत्त दिव्यांग कल्याण विभाग में जमा करा रहे थे, जिन्हें अब रोजगार प्राप्त करने का वास्तविक अवसर मिल रहा है। उन्होंने दिव्यांग भाई-बहनों से अपील करते हुए कहा कि केवल गाजियाबाद ही नहीं बल्कि आसपास के अन्य जनपदों के दिव्यांगजन भी इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। जो अभ्यर्थी ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी में नियमित रूप से कार्य करने के इच्छुक हैं, वे इस अवसर का अवश्य लाभ उठाएं। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाणपत्र, विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र, जीवनवृत्त तथा पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button