ग़ाज़ियाबाद

दिवाली पर जाम से निपटने को सड़कों पर उतरेगी ट्रैफिक पुलिस, 24 हॉटस्पॉट पर रहेगा पहरा 

गाजियाबाद। दिवाली और भाईदूज पर बाजारों में उमडऩे वाली भीड़ के बीच शहर को जाम से बचाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष तैयारी की है। शहर के 24 प्रमुख स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रखेंगे। पिछले साल त्योहारों के दौरान यूपी-112 पर जाम की मिली शिकायतों को भी इस बार की व्यवस्था का आधार बनाया गया है। एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 11 यातायात निरीक्षकों के नेतृत्व में दो शिफ्ट में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसमें 128 उपनिरीक्षक, 306 मुख्य आरक्षी, 356 आरक्षी और 23 महिला मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल हैं। पुलिस बल की तैनाती विजय नगर टी-प्वाइंट, एबीईएस कट, डीएमई डासना चढ़ाव, लालकुआं, आनंद अस्पताल, आप्यूलेंट मॉल, आर्य फार्म हाउस, साजन मोड़, मुखर्जी पार्क, चौधरी मोड़, तुराबनगर, घंटाघर, हापुड़ तिराहा, नया व पुराना बस अड्डा, मोहननगर, सेक्टर-62 और छिजारसी समेत 24 स्थानों पर की जाएगी। यातायात पुलिस के अनुसार, फिलहाल लालकुआं से बुलंदशहर की ओर जाने वाले भारी वाहनों का ही डायवर्जन किया जाएगा। अन्य मार्गों पर रूट डायवर्जन की जरूरत नहीं है। इसके अलावा कौशांबी रोडवेज डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक से समन्वय कर बसों के संचालन की भी विशेष व्यवस्था की गई है। सेक्टर-62, छिजारसी, लालकुआं और एनएच-9 पर अध्यात्मिक नगर पुलिस चौकी के सामने स्थित प्रमुख स्थानों पर रोडवेज बसों को पहले से खड़ा कराया जाएगा। इससे एक साथ कई बसों के पहुंचने से सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी। पुलिस का प्रयास है कि त्योहारों पर खरीदारी और आवाजाही के लिए निकलने वाले लोगों को जाम से परेशानी न हो। इसके लिए प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button