शहर-राज्य

डिलीवरी कंपनी के राइडर्स ने लगाया उत्पीड़न का आरोप, प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

अनिल वशिष्ठ

मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। क्षेत्र में कार्यरत एक डिलीवरी कंपनी के राइडर्स ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन से न्याय की मांग की है।  राइडर्स ने संयुक्त रूप से एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार, धमकी एवं आर्थिक दबाव बनाया जा रहा है। राइडरों का कहना है कि उनसे हर माह धनराशि की मांग की जाती है तथा मांग पूरी न होने पर उनकी आईडी बंद कराने की धमकी दी जाती है। आरोप यह भी है कि विरोध करने वाले कुछ राइडरों की आईडी बंद करा दी गई, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि पिछले दो दिनों से कुछ राइडरों ने विरोध स्वरूप कार्य बंद रखा है। राइडरों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। राइडरों का कहना है कि वे मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और इस प्रकार की घटनाओं से उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की अपील की है। इस संबंध में सभी राइडरों ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि राइडरों को राहत मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा मामले को संज्ञान में लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है। फिलहाल संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button