ग़ाज़ियाबाद

ठेकेदार ने अधूरा छोड़ा छठ घाट का सौंदर्यीकरण, समिति ने खुद संभाली जिम्मेदारी

गाजियाबाद। राजेंद्र नगर स्थित गोलपार्क छठ घाट के सौंदर्यीकरण का काम ठेकेदार की लापरवाही के चलते अधूरा रह गया। छठ पूजा नजदीक होने के बावजूद घाट पर कई स्थानों पर गड्ढे और अधूरा निर्माण श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकता था। ऐसे में छठ पूजा समिति ने नगर निगम के भरोसे रहने के बजाय खुद ही घाट को व्यवस्थित कराने की जिम्मेदारी संभाल ली है। समिति के संरक्षक एसपी सिंह के प्रयासों से एक हजार अतिरिक्त टाइल्स मंगवाकर अपनी लेबर लगाई गई है और घाट के बाकी हिस्सों में टाइल्स लगाकर सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है।
गोलपार्क राजेंद्र नगर स्थित छठ घाट का सौंदर्यीकरण प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा के प्रयासों से स्वीकृत कराया गया था। पूजा समिति के संरक्षक एसपी सिंह ने भी इसके लिए लगातार प्रयास किए। उद्देश्य था कि छठ पूजा से पहले घाट को सुंदर और सुरक्षित बनाया जाए, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। लेकिन आरोप है कि ठेकेदार ने निर्धारित काम पूरा किए बिना ही निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया। समिति के अनुसार घाट पर करीब 50 स्थानों पर छठ पूजा की विधियों के लिए उपयोग होने वाले हिस्से गड्ढों और अधूरे निर्माण की स्थिति में पड़े हैं। ऐसे में पूजा के दौरान व्रतियों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी हो सकती थी। घाट पर गड्ढे होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। समिति का कहना है कि छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर घाट की ऐसी स्थिति उचित नहीं है। समय रहते निर्माण कार्य पूरा होना चाहिए था, ताकि श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा और व्यवस्थित स्थान मिल सके। एसपी सिंह ने घाट पर अधूरे पड़े काम को लेकर संबंधित अवर अभियंता विनोद से भी शिकायत की थी। उनसे ठेकेदार को काम पूरा कराने और घाट की स्थिति ठीक कराने का आग्रह किया गया, लेकिन समिति का आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्य में कोई खास प्रगति नहीं हुई। पूजा का समय नजदीक आने और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए समिति ने खुद ही आगे बढ़कर व्यवस्था सुधारने का निर्णय लिया। छठ पूजा समिति के संरक्षक एसपी सिंह के सौजन्य से एक हजार अतिरिक्त टाइल्स मंगवाई गई हैं। समिति ने अपनी लेबर लगाकर घाट के उन हिस्सों में टाइल्स लगवाने का काम शुरू करा दिया है, जहां ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया था। समिति का प्रयास है कि पूजा से पहले घाट का शेष सौंदर्यीकरण पूरा कर लिया जाए और व्रतियों को सुरक्षित व व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सके। समिति के इस कदम से साफ है कि पर्व की तैयारियों में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है। अब देखना होगा कि नगर निगम और संबंधित ठेकेदार शेष कार्यों को लेकर कितनी तेजी दिखाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button