टेम्पो चालकों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, रोजगार बचाने की लगाई गुहार

वेलकम इंडिया ब्यूरो
हापुड़। ग्रामीण रूटों पर संचालित टेम्पो चालकों ने अपनी आजीविका बचाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बस चालकों द्वारा टेम्पो स्टैंड को अवैध बताकर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे सैकड़ों परिवारों के सामने रोज़गार का संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2022 में शासन-प्रशासन द्वारा ग्रामीण रूटों के लिए कुल 10 टेम्पो एवं टैक्सी स्टैंड आवंटित किए गए थे। उसी के आधार पर टेम्पो चालक वर्षों से अपना संचालन कर रहे हैं। अब कुछ बस संचालक इन स्टैंडों को अवैध बताकर वहां से टेम्पो हटाने का दबाव बना रहे हैं, जबकि शासन के आदेशानुसार स्टैंड का विधिवत आवंटन किया गया था।टेम्पो चालकों का कहना है कि यदि उन्हें स्टैंड से हटाया गया तो लगभग 300 परिवारों की रोज़ी-रोटी छिन जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बस चालकों के बजाय टेम्पो चालकों के हितों की रक्षा की जाए और उन्हें पूर्व निर्धारित स्टैंड पर संचालन की अनुमति दी जाए।चालकों ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर संबंधित व्यक्तियों की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए तथा टेम्पो स्टैंड से उन्हें न हटाया जाए, ताकि गरीब परिवारों का रोजगार सुरक्षित रह सके। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी हापुड़ एवं मंडलायुक्त मेरठ को भी प्रेषित की गई है।



