जनता दर्शन में जिलाधिकारी की सख्ती और संवेदनशीलता का असर, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण से बढ़ रहा जनता का भरोसा

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की सक्रिय कार्यशैली और संवेदनशील दृष्टिकोण का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आने वाले फरियादियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसका मुख्य कारण समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान है। गुरुवार को जनता दर्शन के दौरान खंजरपुर, मोदीनगर निवासी रेखा चौधरी अपनी विवाहित पुत्री के साथ पारिवारिक विवाद को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनके जेठ और उनके परिवारजन जमीन को लेकर आए दिन विवाद और झगड़ा करते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए महिला और तहसीलदार को अगले दिन सुबह 10 बजे बुलाकर पूरे प्रकरण को विस्तार से समझने के निर्देश दिए। शुक्रवार को तहसीलदार द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में महिला की शिकायत सत्य पाई गई। मौके पर ही जिलाधिकारी ने दोनों पक्षों से वार्ता की। विपक्षी पक्ष ने स्वीकार किया कि उनकी कुछ जमीन गलती से महिला के नाम दर्ज हो गई थी, जिसे अब सुधार लिया गया है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद समाप्त हो गया। समाधान से संतुष्ट महिला और उनकी पुत्री ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे उनसे संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि पहले संबंधित अधिकारियों से शिकायत करें और यदि संतोषजनक समाधान न मिले तो उनसे मिलें। जनता दर्शन के दौरान राजस्व, जीडीए, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग से संबंधित अनेक शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप हर शिकायत का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनता दर्शन की कार्यवाही की सीएम ऑफिस से लाइव मॉनिटरिंग भी की जा रही है। इसके तहत सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 से 12 बजे तक जन शिकायतें सुनें और जूम के माध्यम से लाइव जुड़े रहें। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया तथा अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम एल/ए सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जिले में हर शिकायत का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।



