शहर-राज्य

जनगणना-2027 को लेकर जागरूकता अभियान शुरू, डीएम ने वाहन को दिखाई हरी झंडी

16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर जिले में जनजागरूकता अभियान शुरू हो गया है। जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की।जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 के निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस अवधि में परिवारों को इंटरनेट के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर मिलेगा। स्व-गणना के जरिए नागरिक स्वयं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने परिवार से संबंधित जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे।उन्होंने बताया कि इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक प्रत्येक घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों की गणना करेंगे और निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारियां एकत्र करेंगे। जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए पांच जनवरी से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण राउंड भी संचालित किया जाएगा।डीएम ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसके माध्यम से देश की जनसंख्या से संबंधित आवश्यक आंकड़े जुटाए जाते हैं, जो विभिन्न योजनाओं के निर्माण और विकास संबंधी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जनगणना की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।उन्होंने लोगों से अपील की कि जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को पूरा सहयोग दें। उनके द्वारा मांगी गई आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि निर्धारित समयसीमा में जनगणना का कार्य संपन्न कराया जा सके। जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों को जनगणना कार्यक्रम और निर्धारित तिथियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्याम रस्तोगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button