ग़ाज़ियाबाद

छठ पर्व से पहले हिंडन घाट पर अव्यवस्थाओं का अंबार

गाजियाबाद। छठ महापर्व शुरू होने में अब कुछ ही घंटे शेष हैं, लेकिन हिंडन छठ घाट पर नगर निगम की तैयारियां अभी तक पूरी नहीं हो सकी हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू हो जाएगा। इसके बावजूद हिंडन नदी में जलकुंभी के साथ मवेशियों के शव तैर रहे हैं। गंगाजल छोड़े जाने के बाद नदी में पानी का स्तर तो बढ़ रहा है, लेकिन पीछे से लगातार गंदगी बहकर आ रही है। ऐसे में हिंडन का पानी गंगाजल के बजाय गंदे नाले जैसा नजर आ रहा है। घाट की बदहाल स्थिति को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी है। छठ पर्व को देखते हुए हिंडन में गंगाजल छोड़ा गया है, जिससे नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। इसके बावजूद पानी की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। नदी में जलकुंभी और मवेशियों के शव दिखाई दे रहे हैं। पीछे से बहकर आ रही गंदगी ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। व्रती महिलाओं को इसी पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देना है। नगर निगम की ओर से घाट पर साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। श्रद्धालुओं का कहना है कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार तैयारियां धीमी गति से चल रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद घाट किनारे जमा कूड़ा और गंदगी नहीं हटाई गई है। लोगों का आरोप है कि पर्व में कुछ ही समय बचा है, लेकिन सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। छठ घाट की स्थिति देखकर श्रद्धालुओं में मायूसी है। उनका कहना है कि पूरे वर्ष इस पर्व का इंतजार रहता है और बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। इसके बावजूद घाट पर बुनियादी व्यवस्थाएं तक दुरुस्त नहीं हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि अब समय कम बचा है, ऐसे में उन्हें इन्हीं अव्यवस्थाओं के बीच पूजा करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button