ग्राम पंचायत झरूआ में ₹4.76 लाख के भुगतान पर सवाल

- 60 किमी0 दूर की फर्म को भुगतान देने का दावा।
वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
बढ़नी/सिद्धार्थनगर।विकास खण्ड बढ़नी के ग्राम पंचायत झरूआ में नाली निर्माण, साफ-सफाई और कम्प्यूटर खरीद सहित विभिन्न मदों में करीब ₹4,76,289 के भुगतान का मामला प्रकाश में आया है। ऑनलाइन भुगतान विवरण के सामने आने के बाद इन भुगतानों की पारदर्शिता और जमीनी हकीकत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। भुगतान विवरण के मुताबिक शिवकरन के घर से सीताराम के घर तक नाली निर्माण के लिए ₹88,558 तथा जीतेन्द्र के घर से इमरान के घर तक नाली निर्माण के लिए ₹38,803 का भुगतान दर्शाया गया है। वहीं दूसरे भुगतान में आकाश ट्रेडर्स को भुगतान किया गया है। स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि यह फर्म ग्राम पंचायत झरूआ से करीब 60 किलोमीटर दूर है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सम्बंन्धित फर्म से वास्तव में सामग्री की आपूर्ति हुई थी या भुगतान केवल अभिलेखों के आधार पर किया गया। हालांकि इसकी पुष्टि विभागीय जांच और फर्म के भौतिक सत्यापन से ही हो सकेगी। आपको बता दें कि मजदूरी भुगतान भी जांच के घेरे में है। वहीं पिछले करीब पांच वर्षों में मजदूरी के नाम पर चार लोगों के खातों में भुगतान किये जाने की बात भी सामने आ रही है। सवाल यह है कि सम्बंन्धित व्यक्तियों ने वास्तव में ग्राम पंचायत के कार्यों में मजदूरी की थी या नहीं और भुगतान किस आधार पर किया गया। अब पूरे मामले में एमबी, मस्टररोल, बिल-वाउचर, कार्य स्वीकृति, एस्टीमेट, सामग्री खरीद एवं फर्म के पंजीकरण की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। ₹4.76 लाख से अधिक के भुगतान की वास्तविकता क्या है? क्या मौके पर उतना ही काम हुआ है जितना अभिलेखों में दर्शाया गया है? क्या आकाश ट्रेडर्स ने वास्तव में सामग्री की आपूर्ति की और मजदूरी भुगतान पाने वाले चारों व्यक्तियों ने कार्य किया था?
इन सवालों का जवाब निष्पक्ष स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच के बाद ही सामने आयेगा।



