गोवर्धन में कढ़ी मशक्कत के बाद घायल उग्र नंदी को काबू कर नन्दिनी गौ चिकित्सालय में भर्ती कराय
– दो सप्ताह के संघर्ष के बाद घायल नंदी महाराज का सफल रेस्क्यू, नंदनी गौ चिकित्सालय में इलाज शुरू
मथुरा/गोवर्धन। ब्रजक्षेत्र में गौवंश की रक्षा और सेवा के लिए समर्पित युवाओं ने एक बार फिर अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। पिछले दो सप्ताह से सींग के गहरे घाव से तड़प रहे एक नंदी महाराज को गोवर्धन और डीग के गौसेवकों ने संयुक्त रूप से भारी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।जानकारी के अनुसार, जतीपुरा क्षेत्र में एक नंदी महाराज के सींग में बहुत बड़ा और दर्दनाक घाव हो गया था। ‘टीम श्रेयस जतीपुरा’ द्वारा पिछले दो हफ़्तों से उन्हें पकड़कर इलाज देने का लगातार प्रयास किया जा रहा था। परंतु, असहनीय दर्द के कारण नंदी महाराज बेहद आक्रामक हो चुके थे, जिसके चलते वह बार-बार हाथ से निकल जा रहे थे।दो गौसेवक हुए चोटिल, नहीं हारी हिम्मतनंदी महाराज की हालत बिगड़ती देख आज गोवर्धन और डीग के गौसेवकों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। नंदी महाराज को काबू करने के इस बेहद कठिन और जोखिम भरे प्रयास में दो गौसेवक घायल भी हो गए। इसके बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं हारी और आखिरकार नंदी महाराज को सुरक्षित काबू कर लिया।
नंदनी गौ चिकित्सालय बना नया ठिकाना
-काबू करने के तुरंत बाद ‘भक्ति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट’ की एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया। नंदी महाराज को बेहद सावधानी से एम्बुलेंस में लोड कर इलाज के लिए ‘श्री नंदनी गौ चिकित्सालय’ लाया गया है। चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। गौसेवकों का कहना है कि जब तक नंदी महाराज पूर्ण रूप से स्वस्थ और रोगमुक्त नहीं हो जाते, तब तक वह इसी चिकित्सालय में आनंदपूर्वक रहेंगे। इस दौरान सेवा में रेस्क्यू ऑपरेशन में मुख्य रूप से दीपक, उमेश, पंकज, सूरज, इशांत, सीताराम, सौरभ समेत अन्य गौसेवक मौजूद रहे।


