गोल्ड मेडल जीतकर लौटीं अनु सेन, मोदीनगर में हुआ भव्य स्वागत

अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक
बांग्लादेश में महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में यूपी से थीं एकमात्र चयनित खिलाड़ी
अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली महिला कबड्डी खिलाड़ी अनु सेन का मोदीनगर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। अहमदाबाद में आयोजित कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाली अनु सेन की उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया।
अनु सेन की खेल उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं थमा। इससे पहले बांग्लादेश में आयोजित महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में भी उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। खास बात यह रही कि इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश से चयनित होने वाली वह एकमात्र खिलाड़ी थीं। खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के साथ-साथ अनु सेन उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर भी कार्यरत हैं। उनके मोदीनगर पहुंचने पर सैन समाज, मातृभूमि संघ एवं अखिल भारतीय सेन समाज के तत्वावधान में भाजपा नेता एवं अखिल भारतीय सेन समाज के महासचिव अजय सेन के आवास पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। उपस्थित लोगों ने उन्हें स्नेह और आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अनु सेन भाजपा नेता अजय सेन की भतीजी हैं। स्वागत समारोह में सपा नेता गिरीश मथुरिया सेन, अजय सेन, अनिल सेन, महेश आर्य, तेज सेन, सर्वेश, कृष्ण रहेला, भाजपा नेता सुभाष मलिक एवं सतीश हालदार सहित अनेक लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अनु सेन ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता से मोदीनगर गौरवान्वित है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।




