गोमती उद्गम स्थल पर डीएम ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, फल वितरित कर दीं शुभकामनाएं

वेलकम इंडिया पीलीभीत
कलीनगर, पीलीभीत। मां गोमती के उद्गम स्थल पर सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। उन्होंने कांवड़ियों को फल वितरित किए और उनकी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। डीएम के इस स्वागत से कांवड़ियों में उत्साह नजर आया। डीएम ने मां गोमती मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर जनपद में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं एवं आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जनपद स्तरीय अधिकारियों ने मंदिर परिसर में लोगों को अपने-अपने विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी बताया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों तक उनकी जानकारी पहुंचाई जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।इस अवसर पर संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में कांवड़िये मौजूद रहे।



