हीरोइन बनाने का सपना दिखाकर युवती से 90 लाख की ठगी
गाजियाबाद। फिल्मों में काम दिलाने और बड़े बजट की फिल्मों में हीरोइन बनाने का सपना दिखाकर एक युवती से करीब 90 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में सहायक निर्देशक बताकर युवती को विश्वास में लिया। रणबीर कपूर के साथ फिल्म में काम दिलाने से लेकर कई फिल्मों में मुख्य भूमिका दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद स्क्रीनिंग, पंजीकरण, सुरक्षा राशि और कर समेत अलग-अलग बहानों से युवती और उसके परिवार से रकम वसूलता रहा। पीडि़ता की शिकायत पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित लाबोनी अपार्टमेंट निवासी अंजली कुमारी (33) के मुताबिक, दिसंबर 2024 में उनकी मां के फेसबुक खाते पर अमोल कोचे नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया था। उसने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में सहायक निर्देशक बताया और फिल्मों में काम दिलाने का प्रस्ताव दिया। बाद में उसने अंजली से संपर्क कर रणबीर कपूर के साथ फिल्म के अलावा जॉली एलएलबी-3, मुठभेड़, आशिकी-3 और द बुल जैसी फिल्मों में काम दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि आरोपी ने शुरुआत में मुंबई में शूटिंग, प्रोफाइल फोटो और पंजीकरण के नाम पर तीन हजार रुपये मांगे। इसके बाद व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर धीरे-धीरे रकम की मांग बढ़ाता गया। उसने अंजली को मुख्य भूमिका के लिए चुने जाने की बात कहकर सुरक्षा राशि और कर के नाम पर डेढ़ लाख रुपये मांगे। भरोसा दिलाया कि फिल्म पूरी होने पर यह रकम वापस कर दी जाएगी। अपनी बातों को सही साबित करने के लिए उसने वीडियो कॉल और समझौते के दस्तावेज दिखाने का भी सहारा लिया। पीडि़ता के अनुसार, आरोपी अलग-अलग किस्तों में उनसे और उनके परिजनों से रकम मंगवाता रहा। जनवरी 2026 तक फोन-पे, गूगल-पे और अन्य माध्यमों से भुगतान कराया गया। इतना ही नहीं, परिवार के सदस्यों और परिचितों से भी उधार लेकर पैसे देने के लिए कहा गया। अंजली का आरोप है कि करीब 90 लाख रुपये देने के बावजूद उन्हें किसी फिल्म में काम नहीं मिला। मार्च 2026 में आरोपी ने संपर्क करना बंद कर दिया और अब फोन भी नहीं उठा रहा है। पीडि़ता ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कई बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का विवरण भी दिया गया है, जिनके माध्यम से लेनदेन हुआ। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक, आरोपी अमोल कोचे के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब लेनदेन और संबंधित बैंक खातों की जांच कर रही है।

