गाजियाबाद यार्ड में ब्लॉक से थमे ट्रेनों के पहिए, कई रद तो कई बदले मार्ग

गाजियाबाद। गाजियाबाद यार्ड में पावर और ट्रैफिक ब्लॉक के कारण रेल यातायात प्रभावित होने जा रहा है। रेलवे ने ब्लॉक के चलते कई लंबी दूरी और यात्री ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में निरस्त करने, मार्ग बदलने और नियंत्रित करने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे की ओर से यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के समय और संचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। यार्ड ब्लॉक के चलते ट्रेन नंबर 54075 बरेली-दिल्ली जंक्शन को 14, 16 और 18 सितंबर को पूरी तरह निरस्त किया गया है। इसके लिंक में चलने वाली ट्रेन नंबर 54085 दिल्ली जंक्शन-सांतरोड, 54086 सांतरोड-दिल्ली जंक्शन और 54076 दिल्ली जंक्शन-बरेली भी क्रमश: 15, 17 और 19 सितंबर को नहीं चलेंगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 15091 दौरई-टनकपुर की 14 सितंबर की यात्रा गाजियाबाद से मेरठ सिटी, टपरी, रुड़की और लक्सर जंक्शन होते हुए मुरादाबाद के रास्ते संचालित की गई। वहीं 13065 हावड़ा-आनंद विहार टर्मिनल की 17 सितंबर की यात्रा मुरादाबाद से लक्सर जंक्शन, रुड़की, टपरी और मेरठ सिटी होते हुए गाजियाबाद के रास्ते डायवर्ट रहेगी। इस दौरान ट्रेन गजरौला जंक्शन और हापुड़ स्टेशन पर नहीं रुकेगी। ट्रेन नंबर 04013 लौकाहा बाजार-आनंद विहार टर्मिनल की 13, 15 और 17 सितंबर की यात्राएं भी मुरादाबाद, लक्सर जंक्शन, रुड़की, टपरी, मेरठ सिटी और गाजियाबाद के रास्ते संचालित होंगी। रेलवे के अनुसार ब्लॉक के दौरान ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और समय प्रबंधन के लिए कई गाडिय़ों को शुरुआती स्टेशन से देरी से रवाना करने अथवा रास्ते में नियंत्रित करने का फैसला लिया गया है। टनकपुर-दौरई ट्रेन 90 मिनट देर से चलेगी। ट्रेन नंबर 15092 टनकपुर-दौरई 14, 16 और 18 सितंबर को निर्धारित समय के बजाय 90 मिनट की देरी से रात 7:50 बजे टनकपुर से रवाना होगी। ट्रेन नंबर 15014 काठगोदाम-जैसलमेर को 14 और 16 सितंबर को 60 मिनट तथा 18 सितंबर को 75 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली जंक्शन को 14 व 16 सितंबर को 35 मिनट और 18 सितंबर को 50 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा 12391 राजगीर-नई दिल्ली को 14 व 16 सितंबर को 25 मिनट तथा 18 सितंबर को 40 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। 14015 रक्सौल-आनंद विहार टर्मिनल को 13 व 15 सितंबर को 15 मिनट और 14017 को 17 सितंबर को 30 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। वहीं 64531 गाजियाबाद-पानीपत को 15, 17 और 19 सितंबर को सीपीयूपी पर 45 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। इससे पहले नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन और सुरक्षा व्यवस्था के कारण गाजियाबाद से गुजरने वाली करीब 40 ट्रेनें प्रभावित हुई थीं। हालांकि रविवार रात 12 बजे तक रद और बदले मार्ग वाली ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया गया था और सोमवार को ट्रेनों का संचालन सामान्य रहा। अब यार्ड ब्लॉक के कारण एक बार फिर यात्रियों को ट्रेनों के संचालन में बदलाव का सामना करना पड़ेगा।



