गणेश विसर्जन के दौरान बवाल, सांसद की गाड़ी पर हमला

डीजे वाहन थाने ले जाने की बात पर भड़के लोग, सड़क पर बैठकर किया विरोध
पुलिस ने सांसद को सुरक्षित निकाला
संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे वाहन को थाने ले जाने की बात को लेकर विवाद हो गया। अमरडोभा चौराहे पर विसर्जन जुलूस में शामिल लोग सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रही सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी को भीड़ ने घेर लिया और हमला कर दिया। हमले में गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सांसद को सुरक्षित बाहर निकालकर मौके से हटाया।
मिली जानकारी के अनुसार बखिरा कस्बे से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकला था। जुलूस अमरडोभा होते हुए ढोढया नहर की ओर जा रहा था। डीजे वाहन की फोटो खींची और वाहन को बखिरा थाने ले जाने की बात कही। इससे जुलूस में शामिल लोगों में नाराजगी फैल गई। डीजे वाहन को थाने ले जाने के विरोध में लोग अमरडोभा चौराहे पर सड़क पर बैठ गए। इसी दौरान सांसद की गाड़ी वहां पहुंची तो भीड़ ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। गाड़ी का शीशा टूटने के बाद पुलिसकर्मियों ने सांसद को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद सांसद की गाड़ी में सवार लोगों ने भी सड़क पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।




