क्षतिग्रस्त दियोरिया- पूरनपुर मार्ग पर शुरू हुई मरम्मत,राहगीरों को राहत

किसान नेता देवस्वरूप पटेल की पहल पर पीडब्ल्यूडी ने नरई पुलिया के पास शुरू कराया काम
बारिश बाद होगा स्थायी निर्माण
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। दियोरिया कला से जंगल के रास्ते घुंघचाई होते हुए पूरनपुर को जोड़ने वाले मार्ग पर नरई पुलिया के पास लंबे समय से कटी सड़क की मरम्मत शुरू होने के बाद आवागमन बहाल हो गया है। किसान नेता देवस्वरूप पटेल की पहल पर पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड ने सड़क पर रोड़ा डालकर मार्ग को वाहनों के लिए चालू कराया है।बीसलपुर से दियोरिया कला जंगल होते हुए घुंघचाई और पूरनपुर जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। बारिश और बाढ़ के पानी के कारण नरई पुलिया के पास करीब सौ मीटर सड़क कट गई थी। इससे चार पहिया वाहनों का आवागमन बाधित हो गया था और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने कुछ दिन पहले मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मार्ग का जायजा लिया था। इसके बाद उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश चौधरी से दूरभाष पर वार्ता कर सड़क की स्थिति के फोटो और वीडियो भेजे तथा जनहित में जल्द मरम्मत कराने की मांग की थी। अधिशासी अभियंता ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था।इसके बाद मंगलवार से विभागीय टीम ने कटे मार्ग पर रोड़ा डालने का काम शुरू किया, जिसे गुरुवार को पूरा कर लिया गया। किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने बताया कि अब दियोरिया कला और घुंघचाई के बीच जंगल क्षेत्र में चार पहिया समेत अन्य वाहनों का आवागमन सुचारू हो गया है।उन्होंने बताया कि फिलहाल बारिश के दौरान तत्काल आवागमन बहाल करने के लिए मरम्मत कराई गई है। वर्षा ऋतु पूरी तरह समाप्त होने के बाद मार्ग का स्थायी निर्माण कराया जाएगा, जिससे भविष्य में सड़क कटने की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।



