कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत 17 आवेदकों में से चार किसानों का हुआ चयन

गाजियाबाद। आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने और किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने सोमवार को ई-लॉटरी के माध्यम से चार किसानों का चयन किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत कृषि यंत्र खरीदने के लिए आवेदन करने वाले 17 किसानों में से चार को चुना गया। चयनित किसानों को सुपर सीडर, मल्टीक्रॉप थ्रेशर, गन्ना अवशेष प्रबंधन यंत्र और कल्टीवेटर पर नियमानुसार अनुदान का लाभ मिलेगा। इस संबंध में दो अक्टूबर को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें फसल अवशेष प्रबंधन योजना और कृषि यंत्रीकरण उपमिशन योजना के तहत प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों पर विचार करते हुए ई-लॉटरी के जरिए लाभार्थियों का चयन किया गया। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने समिति के पदाधिकारियों और उपस्थित किसानों का स्वागत करते हुए चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी की अनुमति के बाद ई-लॉटरी शुरू की गई। इसमें कृषि यंत्रवार प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष चार किसानों का चयन किया गया। ई-लॉटरी में सुपर सीडर के लिए जय चंद का चयन हुआ। इस यंत्र के लिए 10 किसानों ने आवेदन किया था। मल्टीक्रॉप थ्रेशर के लिए तीन आवेदकों में से नरेंद्र सिंह, गन्ना अवशेष प्रबंधन यंत्र के लिए दो आवेदकों में से राम किशोर और कल्टीवेटर के लिए दो आवेदकों में से जय वीर सिंह का चयन किया गया। उप कृषि निदेशक ने चयनित किसानों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय-सीमा में कृषि विभाग के पोर्टल पर सूचीबद्ध कंपनियों और निर्माताओं से ही कृषि यंत्र खरीदें। खरीदारी के समय यंत्र पर अंकित लेजर कटिंग क्रमांक की जांच अवश्य करें। यंत्र खरीदने के बाद उसका बिल विभागीय पोर्टल पर अपलोड करना होगा। साथ ही खरीद की तिथि से तीन दिन के अंदर यंत्र का पूरा विवरण विभागीय यंत्र निगरानी पोर्टल पर दर्ज कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही किसानों को नियमानुसार अनुदान मिल सकेगा। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही कृषि यंत्रों की खरीदारी करें।



