शहर-राज्य

कांवड़ यात्रा-2026: एसएसपी ने इंटरसेप्टर वाहन को दिखाई हरी झंडी, ट्रांस्पोर्टरों और पत्रकारों संग की अहम गोष्ठी।

बुलंदशहर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन परिसर से इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन कांवड़ मार्गों पर ओवरस्पीडिंग, खतरनाक वाहन संचालन और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा।

इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी ने ट्रांस्पोर्टरों और पत्रकारों के साथ गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, भारी वाहनों की आवाजाही, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

एसएसपी ने ट्रांस्पोर्टरों को डायवर्जन रूट की जानकारी देते हुए निर्देशित किया कि सभी चालक निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा किसी भी स्थिति में शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टर अन्य जिलों और राज्यों में कार्यरत चालकों को भी कांवड़ यात्रा के दौरान लागू प्रतिबंधों और डायवर्जन की जानकारी दें।

बैठक में ट्रांस्पोर्टरों ने गंगा एक्सप्रेस-वे और देहरादून एक्सप्रेस-वे पर बनाए गए नए डायवर्जन रूट का स्वागत करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

एसएसपी ने दूध, सब्जी, फल सहित आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए ट्रांस्पोर्टरों को आवश्यकतानुसार अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय से संपर्क कर पास प्राप्त करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय, क्षेत्राधिकारी नगर प्रखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार शाही सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button